Ballia: कलेक्ट्रेट स्थित ट्रेजरी के लेखाकार अतुल तिवारी के सेवानिवृत्त होने पर बुधवार की शाम चार बजे समारोह आयोजित कर वरिष्ठ कोषाधिकारी व कर्मचारियों ने सम्मान पूर्वक विदाई दी। इस दौरान उन्होने अपने सेवाकाल का अनुभव साझा किया।
वरिष्ठ कोषाधिकारी हिमांचल ने कहा कि एक कर्मचारी के लिए सेवा निवृत्त के बाद मिली सम्मान विदाई ही उसके जीवन की कमाई होती है। किसी भी कर्मचारी के लिए यह सुखद एहसास होता है। विभाग वालों का दायित्व हैं कि अपनी सेवा पूर्ण कर विश्राम के लिए जा रहे कर्मचारी के किसी भी देयकों का तत्काल समाधान मिलजुल कर करें तभी कर्मचारियों को आत्मबल मिलेगा।
सेवा निवृत्त हुए लेखाकार अतुल तिवारी ने कहा कि आज के दौर में सरकारी कर्मियों के काम करने के लिए सुविधाएं बढ़ी हैं लेकिन कर्मचारियों की काफी कमी हुई है। कहा कि जब वे सेवा में आए तो बलिया ट्रेजरी में 75 कर्मियों का हाजिरी रजिस्टर होता था। आज महज 26 लोग रह गये है। कर्मियों की कमी से सभी को दिक्कत होती है। लेखाकार अतुल तिवारी को कर्मचारियों ने अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें मंगलमय भविष्य एवं बेहतर स्वास्थ्य की कामना करते हुए विदाई दी।