सिकंदरपुर, बलिया। नगर के चतुर्भुज नाथ मंदिर पर बुधवार को पहली बार सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन श्वेतांबरी स्मृति ट्रस्ट के तत्वाधान में युवा समाजसेवी आकाश तिवारी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के जिलाध्यक्ष संजय यादव व नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि संजय जयसवाल के साथ 101 जोड़ो ने सामूहिक रुद्राभिषेक किया। आचार्य रेवती रमण तिवारी के नेतृत्व में काशी से पधारे 51 विद्वान ब्राह्मणों ने महारुद्राभिषेक सम्पन्न कराया।
यहां विधि-विधान से जल, दधि, दुग्ध, शर्करा, मधु, घृत, विजया आदि से अभिषेक करते हुए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यजमानों ने भगवान शिव को यज्ञोपवीत कर वस्त्र, मिष्ठान, फल, फूल, अमीर, गुलाल, चंदन, मेवा, दूर्बा, इत्र, गुलाब जल, केवड़ा, कुमकुम, सिंदूर आदि से श्रृगार कर औघड़दानी देवाधिदेव भगवान शंकर को प्रसन्न करने के विधान किए। मंदिर में भगवान शिव का पूजन-अर्चन करने भारी भीड़ उमड़ी थी। रुद्राभिषेक के बाद भक्तों ने सामूहिक रूप से हवन पूजन कर भण्डारे में प्रसाद ग्रहण किया।
रुद्राभिषेक के कार्यक्रम के बाद शाम 7 बजे से गंगा आरती का कार्यक्रम काशी से चल कर आए विद्वान ब्राह्मणों द्वारा हजारों श्रद्धालुओं के बीच किया गया।