गोपाल प्रसाद
सिकंदरपुर, बलिया। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के तत्वावधान में तहसील इकाई का चुनाव मंगलवार को सम्पन्न हुआ। तहसील सभागार में आयोजित उक्त चुनाव में तहसील क्षेत्र के सभी लेखपालों ने भाग लिया। इसमें अध्यक्ष और मंत्री पद के लिए चुनाव सम्पन्न कराया गया। जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष, उप मंत्री, कोषाध्यक्ष व लेखाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध निर्वाचन हुआ। अध्यक्ष पद के लिए अरुण कुमार सिंह और डॉक्टर सुनील कुमार के बीच हुए कांटे की टक्कर में अरुण कुमार सिंह चार मतों से विजई घोषित हुए। बता दें कि उक्त कुल पड़े 42 मतों में से दो मत अवैध घोषित हुए।
जबकि 40 वैध मतों के सापेक्ष विजई प्रत्याशी को 22 मत मिले। इस प्रकार अरुण सिंह ने अपने प्रतिद्वंदी को चार मतों से शिकस्त दी। उधर मंत्री पद के लिए हुए चुनाव में प्रदीप कुमार ने 22 मत प्राप्त कर इंद्रजीत कुमार को तीन मतों से पराजित किया। इसके अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए विनय प्रकाश यादव, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के एहतेशाम, उपमंत्री पद के लिए अमर नाथ, कोषाध्यक्ष पद के लिए प्रवीण मौर्या लेखाध्यक्ष पद के लिए सुजीत कुमार गुप्ता निर्विरोध निर्वाचित किए गए। चुनाव प्रतिनिधि के रूप में जिला मंत्री मुन्ना राम, जिला कोषाध्यक्ष संजय यादव और जिला कनिष्ठ उपाध्यक्ष नृपेंद्र मौर्या मौजूद रहे।