रिपोर्ट: विनोद कुमार
सिकन्दरपुर, बलियाः यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी आगामी 19 व 20 दिसम्बर को प्रदेश भर में जनविश्वास यात्राएं निकालेगी। इस यात्रा के सहारे बीजेपी योगी सरकार के काम काज को जनता के बीच पहुंचाने का काम करेगी।
20 तारीख को सिकंदरपुर में निकाली जाने वाली जन विश्वास यात्रा की तैयारियों को लेकर स्थानीय डाक बंगला में मंडल अध्यक्ष गणेश सोनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय हुआ कि पार्टी प्रदेश में छह जन विश्वास यात्राओं के माध्यम से जनसंवाद करेगी। उन्होंने बताया कि 2017 से पहले भाजपा ‘न गुंडाराज न भ्रष्टाचार, अबकी बार भाजपा सरकार‘ के नारे के साथ समाजवादी पार्टी के कुशासन को खत्म करने के लिए जनता के बीच गई थी।
जनता के आशीर्वाद से 2017 में भाजपा की सरकार बनी। 5 वर्ष के कार्यकाल में भाजपा सरकार ने जनता से किए गए अपने एक-एक संकल्प को पूरा करने का काम किया और 25 करोड़ जनता की आकांक्षाओं पर हम खरे उतरे हैं। हमने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सेवा और सुशासन के संकल्प को चरित्रार्थ करने का काम किया है।
यात्रा के माध्यम से भाजपा सुशासन, सशक्त कानून व्यवस्था, गरीब कल्याण के अपने कार्यों, ढांचागत विकास, पर्याप्त बिजली, शिक्षा सुधार, कौशल विकास, कृषि कल्याण की दिशा में किये गए कार्यों के बारे में बताएगी। प्रयाग चौहान, डॉ उमेश चंद, डॉक्टर विजय रंजन, शोभन राजभर, ओम प्रकाश यादव, लाल बचन शर्मा, मैनेजर चौहान, डब्ल्यू गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।