सिकंदरपुर, बलिया। क्षेत्र के सिवानकला स्थित एलएन नेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में कांग्रेस पार्टी के तत्वाधान में सोमवार को एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसके मुख्य अतिथि कांग्रेस प्रदेश सचिव राम अवध यादव व विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश पांडेय रहे। इस दौरान प्रदेश कमेटी द्वारा नियाज अहमद को सिकंदरपुर नगर का अध्यक्ष बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं ने सर्वप्रथम उनका स्वागत किया। बैठक में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी कार्यकर्ताओं को जी जान से जुट जाना है, जिससे कि प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी के नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन सके।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश पांडेय ने कहा कि नियाज अहमद के सिकंदरपुर नगर का अध्यक्ष बनाए जाने से नगर में कांग्रेस मजबूत होगी। इस दौरान उन्होंने नगर के कमेटी के गठन करने की बात कही। कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी कार्यकर्ता जी जान से जुट जाएं। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मणि शंकर सिंह, पंकज राय, राहुल यादव, फिरोज, देवेंद्र नाथ पांडेय, अमरनाथ राम आदि लोग मौजूद रहे। अध्यक्षता नियाज अहमद व संचालन मदन यादव ने किया।