विधायक संजय यादव |
सिकंदरपुर, बलिया। भाजपा के दो दिवसीय मंडल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन जूनियर हाई स्कूल सिकंदरपुर के प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक संजय यादव ने श्याम प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। श्री यादव ने कहा कि भाजपा एक विचारधारा पर चलती है। पार्टी का एक कार्यकर्ता भी उच्च पदों पर आसीन हो सकता है। प्रदेश सरकार ने चुनाव में किए हर वादे को एक साल के अंदर ही पूरा करने का काम किया है। किसानों का पैसा सीधा उनके खातें में भेजा जा रहा है।
कहा कि प्रदेश में दो वर्षों में लगभग 35 लाख मकान, दो करोड़ से अधिक घरों में शौचालय, एक लाख 67 हजार गांवों में बिजली, दो करोड़ 50 लाख लोगों को मुफ्त बिजली का कनेक्शन देने का कार्य किया गया। कहा कि आजादी से आज तक सिर्फ उत्तर प्रदेश में 12 मेडिकल कालेज थे, लेकिन तीन वर्षों में 15 मेडिकल कालेजों का निर्माण कर पढ़ाई शुरू करा दिया गया है। प्रदेश में 28 नए प्राइवेट विश्वविद्यालय में काम चल रहा है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बनने के बाद निश्चय ही बलिया का भाग्य बदलेगा। तीन वर्षों में पूर्वांचल में सड़कों का जाल बिछा दी गई।
भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू ने आयुष्मान योजना, उज्ज्वला योजना, गांव-गांव में बने सामुदायिक शौचालय, घर-घर में बने शौचालय, हर घर को पक्का आवास के अलावा सभी बूथ अध्यक्ष, सेक्टर प्रभारी, महामंत्री को उनके दायित्वों के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। वही, वरिष्ठ नेता रवि राय ने कार्यकर्ताओं से मजबूती से काम करने की अपील की। इस मौके पर शोभन राजभर, अशोक यादव, राजेंद्र सिंह, मंटु सिंह, जितेंद्र यादव, मृत्युंजय तिवारी, जयराम, अविनाश राय, मारकंडे शर्मा, क्षितिज प्रताप सिंह, आलोक त्रिपाठी, चंद्रभूषण राजभर आदि मौजूद रहे।